वाराणसी : फर्जी खतौनी बनवाकर बेच दी बंजर जमीन, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
वाराणसी। सारनाथ पुलिस ने फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर फर्जी खतौनी तैयार कर बंजर भूमि को अपने नाम दर्शाया और उसे बेचने के नाम पर रुपये लिए। रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, सारनाथ थाने में तीन जुलाई 2026 को मिली तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक रामअजोर कर रहे थे। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर वांछित एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सारनाथ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत आरोपी सुधीराम, निवासी बरियासनपुर डोमनपुर, थाना चौबेपुर, कमिश्नरेट वाराणसी को लेढ़ूपुर-आशापुर सेंट जॉन्स तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ सारनाथ थाने में मुकदमा अपराध संख्या 354/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 352 और 351(3) में मुकदमा दर्ज है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में सारनाथ थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक रामअजोर, हेड कांस्टेबल पंकज कुमार सिंह और कांस्टेबल पंकज राय शामिल रहे।

