वाराणसी : छठ और लोटा-भंटा मेले को लेकर पुलिस अलर्ट, एडीसीपी ने रामेश्वर मंदिर और वरुणा घाटों का किया निरीक्षण, दिए निर्देश
वाराणसी। छठ महापर्व और आगामी लोटा-भंटा मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र सिंह ने थाना जंसा क्षेत्र स्थित रामेश्वर मंदिर और वरुणा नदी के घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
छठ महापर्व 15 नवंबर को मनाया जाएगा, जबकि रामेश्वर मंदिर क्षेत्र में 29 नवंबर को लोटा-भंटा मेले का आयोजन होना है। निरीक्षण के दौरान एडीसीपी ने घाटों और मेला स्थल पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, श्रद्धालुओं के आवागमन तथा सुरक्षा से जुड़े इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने थाना प्रभारियों को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर घाटों और मेला स्थल पर जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग, साइन बोर्ड और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

छठ पर्व के मद्देनजर घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा गया। गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने, गोताखोरों और वालंटियर्स की तैनाती तथा पर्याप्त पुलिस बल लगाने के निर्देश दिए गए। वाहनों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था बनाने और घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर आवागमन सुचारु रखने को भी कहा गया। महिलाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति टीम, एंटी रोमियो स्क्वॉड और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

वहीं, 29 नवंबर को होने वाले लोटा-भंटा मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए भीड़ और यातायात प्रबंधन की विशेष समीक्षा की गई। एडीसीपी ने जंसा के साथ बड़ागांव थाना क्षेत्र में भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा, क्योंकि श्रद्धालुओं की भीड़ से आसपास के मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। उन्होंने आवश्यकतानुसार वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने, यातायात डायवर्जन लागू करने और मार्गों पर दिशा-सूचक संकेतक लगवाने के निर्देश दिए।
एडीसीपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों के घाटों और संभावित छठ पूजा स्थलों पर सतर्कता बरतने तथा स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर तैयारियां समय से पूरी कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान संबंधित थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

