वाराणसी : 11.61 करोड़ से संवरेगा फल मंडी मार्ग, बनेगा शहर का मॉडल रोड

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर की सड़कों को बेहतर और आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में नगर निगम ने कवायद तेज कर दी है। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड्स) के तहत सिगरा क्षेत्र में निर्माणाधीन फल मंडी मार्ग को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जा रहा है। शनिवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने निर्माणाधीन सड़क का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ निर्धारित समयसीमा में परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।

सीएम ग्रिड्स योजना के अंतर्गत तिलक मूर्ति से भारत सेवाश्रम तक करीब 610 मीटर लंबे मार्ग के विकास पर 11.61 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। परियोजना के तहत सड़क के साथ ड्रेनेज सिस्टम और फुटपाथ का निर्माण कराया जा रहा है। नगर निगम का उद्देश्य इस मार्ग को सुविधाजनक, व्यवस्थित और बेहतर यातायात व्यवस्था वाला मॉडल रोड बनाना है।

123

निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी स्तर पर मानकों से समझौता नहीं होना चाहिए। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और कार्य की प्रगति की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा होने से क्षेत्र के लोगों और राहगीरों को जल्द बेहतर सड़क सुविधा मिल सकेगी।

123

महापौर ने कहा कि शहर में चल रहे विकास कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। जिन परियोजनाओं पर काम चल रहा है, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाना प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को श्रमिकों और संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था कर निर्माण की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। फल मंडी मार्ग के मॉडल रोड के रूप में विकसित होने से क्षेत्र में आवागमन के साथ जल निकासी और पैदल यात्रियों की सुविधा में भी सुधार होने की उम्मीद है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और निर्धारित अवधि में इसे पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र समेत अन्य अधिकारी और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

123

Share this story