वाराणसी : घर के बाहर खड़ी बाइक के चालान पर हंगामा, लोगों ने जताया विरोध
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के रविंद्रपुरी स्थित पद्मश्री चौराहे के पास रविवार को ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई को लेकर अचानक हंगामे की स्थिति बन गई। घर के बाहर खड़ी एक बाइक का चालान किए जाने की कोशिश से नाराज स्थानीय लोगों ने मौके पर एकत्र होकर विरोध जताया। हालांकि, बाद में पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद मामला शांत हुआ।
पद्मश्री चौराहे के समीप एक मलिन बस्ती में रहने वाले युवक की बाइक उसके घर के बाहर सड़क किनारे खड़ी थी। उसी दौरान चौराहे पर तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने वाहन का नंबर अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर ई-चालान की प्रक्रिया शुरू कर दी। जैसे ही यह जानकारी स्थानीय लोगों तक पहुंची, वे मौके पर जुटने लगे और कार्रवाई पर आपत्ति जताने लगे।
स्थानीय लोगों का कहना था कि बाइक किसी भी तरह से यातायात में बाधा नहीं डाल रही थी और वह घर के बाहर खड़ी थी, ऐसे में चालान करना अनुचित है। विरोध में महिलाएं भी आगे आईं और पुलिसकर्मी से कार्रवाई रोकने की मांग करने लगीं। बढ़ते विरोध को देखते हुए ट्रैफिक पुलिसकर्मी वहां से हट गया और उच्च अधिकारियों को मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर (टीएसआई) ने लोगों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना उचित कारण के खड़ी गाड़ियों का चालान नहीं किया जाएगा और आगे से नियमों के तहत ही कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों का आक्रोश शांत हुआ। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी ली गई है और फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।

