वाराणसी : दो महीने से बदबूदार पानी पीने को मजबूर लोग, शिवपुर की यादव बस्ती में पेयजल संकट पर फूटा गुस्सा
वाराणसी। शिवपुर क्षेत्र के वार्ड नंबर-9 स्थित पांचों पांडवा कादीपुर यादव बस्ती में पेयजल आपूर्ति को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। बस्तीवासियों ने आरोप लगाया है कि पिछले दो से तीन महीनों से जलकल विभाग द्वारा बदबूदार और दूषित पानी की आपूर्ति की जा रही है। इससे लोगों को पीने योग्य स्वच्छ पानी के लिए रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय महिलाओं का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार जलकल विभाग के अधिकारियों को लिखित शिकायत दी गई। शिकायत मिलने के बाद अधिकारी क्षेत्र में पहुंचे, निरीक्षण किया और तस्वीरें लेकर लौट गए, लेकिन आज तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विभाग ने गंभीरता नहीं दिखाई।
क्षेत्रवासियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी उपेक्षा का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि चुनाव के बाद क्षेत्र के पार्षद ने बस्ती की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया। लगातार शिकायतों के बावजूद न तो पेयजल व्यवस्था में सुधार हुआ और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई।

ग्रामीणों के अनुसार, दूषित पानी के कारण कई परिवार बाजार से पानी खरीदकर पीने को मजबूर हैं। वहीं पशुओं को भी उसी बदबूदार पानी को छानकर पिलाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि गंदे पानी की वजह से क्षेत्र में टाइफाइड, डेंगू, मलेरिया सहित अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। कई बच्चे बीमार पड़ चुके हैं और लगातार दवाइयों का सेवन कर रहे हैं।
बस्ती के लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से जल्द स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी आंदोलन और प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। उनका कहना है कि जब प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में ही लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, तो यह सरकारी व्यवस्था और जिम्मेदार विभागों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
फिलहाल, इस मामले में जलकल विभाग या अन्य संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। क्षेत्रवासी अब जल्द कार्रवाई और स्थायी समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

