वाराणसी : व्यावसायिक भवनों में पार्किंग निर्माण अनिवार्य, नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को देखते हुए विकास प्राधिकरण ने व्यावसायिक भवनों में पार्किंग व्यवस्था को अनिवार्य कर दिया है। बिना पार्किंग सुविधा वाले भवनों के नक्शे अब स्वीकृत नहीं किए जाएंगे। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने स्पष्ट किया कि सभी व्यावसायिक निर्माणकर्ताओं और आवेदकों को निर्धारित मानकों और सुविधाओं का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि शहर में ट्रैफिक दबाव लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था बेहद जरूरी हो गई है।

प्राधिकरण के अनुसार, निर्माण कार्य शुरू करने से पहले नक्शे में पार्किंग का स्पष्ट प्रावधान होना चाहिए। यदि निरीक्षण के दौरान मानकों की अनदेखी पाई गई तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर नक्शा निरस्त भी किया जा सकता है।

इसके साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित नियमों के अनुरूप ही हो रहे हैं। इस कदम से शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Share this story