वाराणसी : चिरईगांव ब्लॉक में लक्ष्य के मुकाबले 64 प्रतिशत से अधिक धान खरीद, 28 फरवरी तक चलेगी प्रक्रिया 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चिरईगांव ब्लॉक में समर्थन मूल्य योजना के तहत किसानों से धान खरीद का कार्य तेज़ी से चल रहा है। एक नवंबर से शुरू हुई धान खरीद प्रक्रिया के अंतर्गत अब तक लक्ष्य के सापेक्ष 64.55 प्रतिशत धान की खरीद पूरी कर ली गई है। यह खरीद आगामी 28 फरवरी तक जारी रहेगी।

विकास खंड में धान खरीद के लिए कुल चार क्रय केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार पूरे विकास खंड के लिए धान खरीद का कुल लक्ष्य 52 हजार कुंतल निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक 33,570 कुंतल धान की खरीद की जा चुकी है। इस दौरान सैकड़ों किसानों ने क्रय केंद्रों पर अपना धान विक्रय किया है।

धान क्रय केंद्रों में बीपैक्स जाल्हूपुर ने सर्वाधिक खरीद कर नया रिकॉर्ड बनाया है। यहां निर्धारित लक्ष्य 4,000 कुंतल के मुकाबले 7,279.80 कुंतल धान की खरीद की गई है, जो लक्ष्य का लगभग 182 प्रतिशत है। वहीं बीपैक्स नरायनपुर धान क्रय केंद्र का लक्ष्य 5,000 कुंतल था, जिसके सापेक्ष अब तक 3,290 कुंतल धान की खरीद हो चुकी है।

विपणन शाखा चिरईगांव प्रथम और द्वितीय के प्रभारी नीरज सिंह ने बताया कि दोनों केंद्रों का संयुक्त लक्ष्य 43,000 कुंतल निर्धारित है। इसके सापेक्ष अब तक 23,000 कुंतल धान की खरीद 420 किसानों से की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

Share this story