वाराणसी : सावन के प्रथम सोमवार पर सेवा का संदेश, ‘नई सुबह एक उम्मीद’ संस्था ने लगाया निःशुल्क शीतल जल वितरण शिविर

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर जहां एक ओर काशी के शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, वहीं दूसरी ओर सामाजिक सेवा का भी प्रेरणादायी उदाहरण देखने को मिला। नई सुबह एक उम्मीद सामाजिक संस्था की ओर से नंदी चौराहे पर कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क शीतल जल वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दिनभर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराया गया।

सावन के प्रथम सोमवार पर सेवा का संदेश

संस्था की अध्यक्ष ममता ने बताया कि श्रावण मास सनातन परंपरा में भगवान शिव को समर्पित सबसे पवित्र महीना माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार समुद्र मंथन से निकले विष का पान कर भगवान शिव ने सृष्टि की रक्षा की थी। इसी कारण श्रद्धालु पूरे श्रावण मास में व्रत, रुद्राभिषेक, जलाभिषेक और कांवड़ यात्रा कर भगवान शिव की आराधना करते हैं। उन्होंने कहा कि काशी भगवान विश्वनाथ की नगरी है, जहां सावन के दौरान देशभर से लाखों श्रद्धालु गंगाजल लेकर बाबा के दरबार में जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। मान्यता है कि काशी में किया गया जलाभिषेक विशेष पुण्यदायी होता है, इसलिए यहां श्रद्धालुओं की संख्या अन्य स्थानों की अपेक्षा अधिक रहती है।

सावन के प्रथम सोमवार पर सेवा का संदेश

संस्था के संस्थापक विजय कुमार ने कहा कि श्रावण माह में प्यासे श्रद्धालुओं को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य माना जाता है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना ही नहीं, बल्कि समाज में मानवता, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संस्था विभिन्न सामाजिक और धार्मिक अवसरों पर इसी प्रकार जनसेवा के कार्य करती रहेगी।

संस्था के सदस्य मोहम्मद अनीस ने कहा कि सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है। बाबा विश्वनाथ की नगरी में श्रद्धालुओं की सेवा करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि नई सुबह एक उम्मीद सामाजिक संस्था आगे भी जरूरतमंदों की सहायता और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।

सावन के प्रथम सोमवार पर सेवा का संदेश

इस सेवा अभियान को सफल बनाने में संस्था के संस्थापक विजय कुमार, समाजसेवी संध्या पांडेय, किरण देवी, राजश्री साहनी, नुजहत बानो, मोहम्मद अनीस, राम बाबू गुप्ता, मंगेश्वर प्रसाद, सूरज पाल, रवि कुमार, रहमत अली, महबूब हसन, सुमित बिंद, करम भारती, विजय कुमार सिंह, विवेक कुमार सिंह, प्रीति चौरसिया सहित संस्था के अनेक पदाधिकारियों और सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया।

Share this story