वाराणसी : गोपाष्टमी पर मां बागेश्वरी देवी का दिव्य श्रृंगार, 56 व्यंजनों का लगा भोग
वाराणसी। गोपाष्टमी के पावन पर्व पर मां बागेश्वरी देवी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर मां बागेश्वरी देवी का भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया। माता के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मंदिर में सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।
गोपाष्टमी के विशेष अवसर पर मंदिर में वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा का निर्वहन करते हुए भव्य छप्पन भोग का आयोजन किया गया। मंदिर के महंत मिश्रा जी ने बताया कि परंपरा के अनुसार मां को 56 प्रकार के विभिन्न व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। इसमें तरह-तरह के मिष्ठान, मीठे पकवान और कच्चे व पक्के दोनों प्रकार के व्यंजन शामिल रहे। पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माता को छप्पन भोग समर्पित किया गया।

छप्पन भोग अर्पित किए जाने के बाद श्रद्धालुओं ने माता के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद मांगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गोपाष्टमी पर दर्शन-पूजन और दान-पुण्य का विशेष महत्व है। भक्तों का विश्वास है कि इस दिन माता की आराधना करने से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि आती है।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां बागेश्वरी देवी के चरणों में शीश नवाकर परिवार की खुशहाली, सुख-शांति और कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में दिनभर भक्ति, आस्था और उत्साह का वातावरण बना रहा। छप्पन भोग के आयोजन ने गोपाष्टमी के धार्मिक महत्व को और विशेष बना दिया।

