वाराणसी : एनएचएआई की बंद पुलिया बनी मुसीबत, किसान इंटर कॉलेज में जलभराव
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र में एनएचएआई की पुलिया बंद होने से किसान इंटर कॉलेज परिसर में बारिश का पानी भर गया है। जलभराव के कारण विद्यालय का शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। करीब 1600 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होने से विद्यालय प्रशासन ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की गुहार लगाई है। प्रधानाचार्य और प्रबंधक ने पत्र भेजकर बंद पुलिया को खुलवाने के साथ जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।
विद्यालय प्रशासन के मुताबिक मिर्जामुराद स्थित किसान इंटर कॉलेज जीटी रोड के किनारे संचालित सरकारी अनुदानित विद्यालय है। यहां करीब 1600 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय के पूर्वी छोर पर खेल मैदान के किनारे एनएचएआई की एक पुलिया बनी थी। इसी पुलिया के रास्ते बारिश का पानी विद्यालय परिसर से बाहर निकलता था। पुलिया बंद होने के बाद जल निकासी बाधित हो गई और बारिश के दौरान पानी परिसर में जमा होने लगा।

जलभराव के चलते छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों को भी विद्यालय परिसर में आने-जाने में परेशानी हो रही है। पानी जमा रहने से पठन-पाठन का माहौल भी प्रभावित हो रहा है। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो समस्या और गंभीर हो सकती है। प्रधानाचार्य डॉ. शिवराज मिश्रा और प्रबंधक सविता सिंह ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में पूरे मामले से अवगत कराते हुए समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है। विद्यालय प्रशासन ने एनएचएआई की बंद पुलिया को खुलवाकर बारिश के पानी की निकासी सुनिश्चित कराने की अपील की है।

