वाराणसी : डस्टबिन में मिला नवजात का शव, गाय ने झोला खींचा तो सामने आई सच्चाई

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र के वारिगढ़ही त्रिमुहानी इलाके में मंगलवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। नगर निगम के डस्टबिन में फेंके गए एक झोले से नवजात शिशु का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई और मासूम के शव को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वारिगढ़ही त्रिमुहानी स्थित डस्टबिन के पास एक गाय कचरे में भोजन तलाश रही थी। इसी दौरान गाय ने कूड़े के बीच पड़े एक झोले को अपने मुंह से खींच लिया। झोला बाहर निकलते ही फट गया और उसके अंदर रखा नवजात शिशु का शव सड़क पर गिर पड़ा। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोग स्तब्ध रह गए और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

घटना की सूचना तत्काल रामनगर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नवजात के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में नवजात मृत अवस्था में मिला है। चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान यह भी संकेत मिले हैं कि भ्रूण पूरी तरह विकसित नहीं था। हालांकि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि झोला डस्टबिन में कब और किसके द्वारा फेंका गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर दोषी व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share this story