वाराणसी : अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीसीपी ने क्राइम मीटिंग में मातहतों की कसी नकेल, दिए सख्त निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। वरुणा जोन में सोमवार को अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा के लिए क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। पुलिस उपायुक्त प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में सहायक पुलिस आयुक्तों, प्रभारी निरीक्षकों, थानाध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, मादक पदार्थों की तस्करी, महिला एवं बाल अपराध तथा आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस उपायुक्त ने सभी थाना प्रभारियों को अपराध की रोकथाम के लिए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर कड़ी नजर रखने को कहा। वांछित, वारंटी और पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

60/90 दिन में पूरी हों विवेचनाएं
लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी मामलों की जांच साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी की जाए। नियमानुसार निर्धारित 60/90 दिन की समय सीमा के भीतर विवेचनाओं का निस्तारण सुनिश्चित करने और अनावश्यक रूप से मामलों को लंबित नहीं रखने को कहा गया। विवेचनाओं में ई-साक्ष्य का प्रभावी इस्तेमाल तथा इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने पर भी जोर दिया गया।

मादक पदार्थों के नेटवर्क पर कार्रवाई
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई को प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए पुलिस उपायुक्त ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के साथ-साथ इनके स्रोत और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जाए। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त संदिग्ध व्यक्तियों को चिह्नित कर धारा 111 बीएनएसएस के तहत नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई करने और उनकी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

महिला-बाल सुरक्षा पर विशेष जोर
हत्या, लूट, चोरी, वाहन चोरी और नकबजनी जैसे गंभीर अपराधों की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर गश्त और चेकिंग बढ़ाने को कहा गया। बीट आरक्षियों और हल्का प्रभारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए। महिला और बाल अपराधों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के साथ बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और स्कूल-कॉलेज के आसपास प्रभावी पुलिस उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया। थानों पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।

123

त्योहारों को लेकर सतर्कता
आगामी त्योहारों और महत्वपूर्ण आयोजनों के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता, रात्रि एवं पैदल गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में पुलिस उपायुक्त ने कहा कि अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Share this story