वाराणसी : नगर निगम AI के जरिये अवैध बैनर, पोस्टर लगाने वालों की कसेगा नकेल, हो रहा सर्वे

वाराणसी। नगर निगम प्रशासन अवैध बैनर, पोस्टर और होर्डिंग लगाकर शहर की सुंदरता को खराब करने वालों का एआई के जरिये नकेल कसेगा। तकनीकी उपकरणों से लैस वाहन से नगर का सर्वे कराया जा रहा है। इसके बाद अवैध रूप से बैनर-पोस्टर लगाने वालों को चिह्नित कर नोटिस भेजने के साथ ही जुर्माना वसूला जाएगा।
दरअसल, नगर निगम प्रशासन की अनुमति के बगैर शहर में सार्वजनिक स्थानों पर बैनर, पोस्टर और होर्डिंग लगाकर अपने प्रोडक्ट का प्रचार किया जा रहा है। निगम प्रशासन की ओर से अभियान चलाकर शहर की सुंदरता बिगाड़ने वाले इन बैनर, पोस्टर को हटवाया जाता है, लेकिन दोबारा लगा दिए जाते हैं।
नगर निगम प्रशासन ने अवैध तरीके से बैनर, पोस्टर लगाकर प्रचार करने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की योजना बनाई है। उन्हें नोटिस जारी कर जुर्माना वसूला जाएगा। नगर निगम के विज्ञापन प्रभारी जितेंद्र आनंद ने बताया कि सर्वे का काम चल रहा है। उसके बाद नोटिस भेजी जाएगी।