वाराणसी : हाईवे पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, साथी गंभीर
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से ट्रक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।
भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी अनिल कुमार (28) अपने साथी बारोष गांव निवासी रंगनाथ के साथ अपाचे बाइक से वाराणसी से घर लौट रहे थे। शनिवार रात करीब नौ बजे दोनों रूपापुर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलने पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कछवां, मिर्जापुर भेजा। वहां उपचार के दौरान अनिल कुमार ने दम तोड़ दिया, जबकि रंगनाथ का इलाज जारी है।
निजी कंपनी में नौकरी करते थे अनिल
अनिल कुमार भदोही जिले में एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

