वाराणसी : महीनों से जलभराव, गड्ढों से परेशान लोगों का फूटा गुस्सा, तीन घंटे तक सड़क जाम

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नुवांव बाईपास से सुसुवाही-करौंदी मार्ग पर महीनों से जलभराव और जर्जर सड़क की समस्या झेल रहे स्थानीय लोगों का धैर्य रविवार को जवाब दे गया। हरि इन्क्लेव अपार्टमेंट के पास सड़क पर भरे पानी और जगह-जगह बने गड्ढों से नाराज महिलाओं समेत बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। युवा नेता अवनीश सिंह जय के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण मार्ग पर आवागमन बाधित रहा।

 

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि नुवांव नारायणपुर डाफी स्थित हरि इन्क्लेव अपार्टमेंट के पास पिछले कई महीनों से जलजमाव की समस्या बनी हुई है। जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर हमेशा पानी जमा रहता है। इसके चलते सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। राहगीरों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और पैदल चलने वालों को उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यह समस्या सुसुवाही और सीर गोवर्धनपुर वार्ड की सीमा पर होने के कारण दोनों वार्डों के पार्षदों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।

123

कई अन्य स्थानों पर भी जलजमाव से परेशानी
स्थानीय लोगों के मुताबिक इसी मार्ग पर करीब 200 मीटर आगे कर्मनबीर मोड़, हैदराबाद गेट के दोनों तरफ और महामानपुरी मोड़ पर भी जलजमाव की गंभीर समस्या है। इन स्थानों पर सड़क पर पानी जमा होने के साथ ही गड्ढे बन गए हैं। इससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना था कि जलजमाव के कारण आसपास के निवासियों का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है। इसके बावजूद नगर निगम की ओर से अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

 

जेई के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन
चक्काजाम की सूचना पर लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। नगर निगम के अवर अभियंता (जेई) ने भी पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर लोगों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका।

वहीं पार्षद सुरेश कुमार पटेल गुड्डू ने बताया कि संबंधित मार्ग पर नाला निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इससे जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से आश्वासन सुन रहे हैं। अब उन्हें केवल भरोसा नहीं, बल्कि मौके पर निर्माण कार्य शुरू होने और समस्या से वास्तविक राहत मिलने का इंतजार है।

BK Pathak
BK Pathak

21956 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story