वाराणसी : विधायक ने कार्यकर्ताओं संग खेली होली, आपसी प्रेम, सौहार्द और समरसता का दिया संदेश
वाराणसी। रोहनियां विधानसभा क्षेत्र के मोहनसराय कनेरी स्थित अपना दल (एस) के जिला कार्यालय में शनिवार को होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष राजेंद्र पटेल ने की। इस अवसर पर रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ जमकर होली खेली और सभी को होली की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान विधायक ने कार्यकर्ताओं के साथ अबीर-गुलाल लगाकर होली का आनंद लिया। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को रंग लगाकर और गले मिलकर पर्व की बधाई दी। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला तथा विधायक सहित सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता रंगों से सराबोर नजर आए।

इस मौके पर विधायक ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व समाज में आपसी भाईचारे और एकता को मजबूत करने का संदेश देता है। इसलिए सभी लोगों को अपने मतभेदों को भुलाकर मिल-जुलकर इस पर्व को मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि होली का त्योहार लोगों को आपसी दूरी खत्म कर एक-दूसरे के करीब आने का अवसर देता है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक माहौल बनता है और आपसी संबंध और मजबूत होते हैं।
कार्यक्रम में आए सभी लोगों ने पारंपरिक होली के व्यंजन गुझिया का भी आनंद लिया। समारोह का संचालन जेपी पटेल ने किया। कार्यक्रम के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र सिंह पटेल, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पटेल, राष्ट्रीय सचिव अजीत पटेल, जिलाध्यक्ष युवामंच मानस सिंह, विधानसभा अध्यक्ष बसंत लाल पटेल, राकेश यादव, श्यामबली पटेल, जेपी पटेल, अनीता पटेल, महेंद्र शर्मा और दिग्विजय यादव सहित सैकड़ों की संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

