वाराणसी : सेवा संकल्प चौपाल में विधायक ने कराया गोद भराई व अन्नप्राशन, 24 विभागों के लगे स्टॉल, योजनाओं के लिए हुआ पंजीकरण
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत आराजी लाइन ब्लॉक मुख्यालय पर पांच दिवसीय विकासखंड स्तरीय चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को चौपाल में रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी कराई और नन्हे-मुन्ने बच्चों का अन्नप्राशन कराया।
कार्यक्रम में विधायक ने ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र सिंह पटेल और जिलाध्यक्ष युवा मंच मानस सिंह के साथ विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। विधायक ने ग्रामीणों को केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि चौपाल में कुल 24 विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें कृषि, ग्राम विकास, पंचायती राज, स्वास्थ्य, बाल विकास एवं पुष्टाहार, खाद्य एवं रसद, उद्यान, पशुपालन, राजस्व, समाज कल्याण, महिला कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, बैंकिंग, जल जीवन मिशन, शिक्षा, मनरेगा और एनआरएलएम समेत अन्य विभाग शामिल हैं।
स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का लाभ पाने से वंचित पात्र लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। इसके साथ ही उनका पंजीकरण कर आवश्यक दस्तावेज और पात्रता संबंधी जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पंजीकरण के बाद लाभार्थियों का सत्यापन कराया जाएगा और पात्र पाए जाने पर उन्हें संबंधित सरकारी योजनाओं से लाभान्वित कर संतृप्त किया जाएगा।
चौपाल में ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी और आवेदन की सुविधा मिलने से लोगों ने इसका लाभ उठाया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

