वाराणसी : दो साल से लापता युवती पुणे में मिली, प्रेमी से मंदिर में किया विवाह और कोर्ट मैरिज, साथ रह रहे थे दोनों
जंसा पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर किया बरामद
पुलिस ने युवती की इच्छा पर पति व परिजनों को किया सुपुर्द
वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र से वर्ष 2024 में लापता हुई करीब 22 वर्षीय युवती को पुलिस ने मंगलवार को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार युवती पुणे में अपने पति के साथ रह रही थी। पूछताछ में युवती ने बताया कि वह युवक से प्रेम करती थी और दोनों बालिग हैं। दोनों ने पुणे में मंदिर में विवाह करने के बाद कोर्ट मैरिज भी की थी।
पुलिस के मुताबिक युवती के परिजनों ने वर्ष 2024 में उसकी गुमशुदगी थाना जंसा में दर्ज कराई थी। इसके बाद से उसकी तलाश के लिए थानाध्यक्ष जंसा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम लगातार पतारसी, सुरागरसी और तकनीकी माध्यमों से युवती की तलाश में जुटी थी। सोशल मीडिया, सर्विलांस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों की मदद से पुलिस ने उसके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास जारी रखा।
मंगलवार को पुलिस टीम को मुखबिर से युवती के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक अखिलेश सोनकर ने पुलिस बल के साथ कार्रवाई करते हुए युवती को उसके पति के साथ सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ के दौरान युवती ने पुलिस को बताया कि वह उक्त युवक के साथ 30 जून 2024 को पुणे चली गई थी। वहां दोनों ने मंदिर में विवाह किया और बाद में कोर्ट मैरिज भी की। युवती के अनुसार दोनों वर्तमान में पति-पत्नी के रूप में साथ रह रहे थे। उसे बाद में जानकारी हुई कि उसके परिजनों ने थाना जंसा में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई है।
पुलिस ने युवती के बयान और दोनों पक्षों की सहमति के आधार पर आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की। युवती ने अपने पति के साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे उसके पति और परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवती की सकुशल बरामदगी में तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष जंसा उपनिरीक्षक सत्यजीत सिंह, उपनिरीक्षक अखिलेश सोनकर, महिला उपनिरीक्षक नेहा सिंह और महिला कांस्टेबल नीतू शामिल रहीं।

