वाराणसी : सड़क हादसे में युवक की मौत, पत्नी ने दर्ज कराया मुकदमा
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के पूरे गांव निवासी एक युवक की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के मामले में उसकी पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना करीब दो माह पूर्व की बताई जा रही है।
पूरे गांव निवासी स्वर्गीय अमित कुमार सिंह एक निजी बैटरी कंपनी में कार्यरत थे और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। मृतक की पत्नी प्रीति सिंह ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि 23 मार्च 2026 की शाम लगभग 7:40 बजे उनके पति अपनी पल्सर बाइक (यूपी-65 बी-4709) से कार्यालय से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मिर्जामुराद क्षेत्र स्थित आनंद ढाबा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में अमित कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। पत्नी प्रीति सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके पति परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन के बाद पत्नी, तीन छोटे बच्चों और वृद्ध माता-पिता के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
पीड़िता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने सोमवार को अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी मिर्जामुराद ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

