वाराणसी : मायके गई थी पत्नी, युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस कर रही छानबीन
वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र के सूजाबाद में युवक ने किराये के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। मकान मालिक ने परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। युवक राजगीर का काम करता था। आशंका जताई जा रही है कि पत्नी से झगड़ा होने के बाद उसने आत्मघाती कदम उठाया।
सैयदराजा थाना के मैढ़ी गांव निवासी अजय उर्फ रविंद्र कुमार (34 वर्ष) पिछले तीन वर्षों से रामनगर के सूजाबाद में कृपाशंकर साहनी के मकान में किराए पर रह रहा था। वह पेशे से राजगीर मिस्त्री का काम करता था। बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व रविंद्र का अपनी पत्नी गुंजा देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद उसकी पत्नी अपने दो बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। पत्नी के जाने के बाद से ही रविंद्र तनाव में था।
शुक्रवार शाम मकान मालिक ने जब कमरे की खिड़की से झांका, तो रविंद्र गमछे के सहारे पंखे के हुक से लटका हुआ मिला। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और मृतक के परिजनों को दी। मौके पर पहुंची रामनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

