वाराणसी : किशोरी के साथ दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, छह साल तक की गंदी हरकत, शादी के बाद पीड़िता ने दर्ज कराया मुकदमा
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को क्षेत्र के छतेरीमानापुर स्थित देशी शराब ठेके के पास से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चित्रसेनपुर निवासी 35 वर्षीय दशरथ कुमार पटेल के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना मिर्जामुराद में दुष्कर्म, धमकी और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज था। पुलिस उसे तलाश रही थी।
पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर बताया कि वर्ष 2019 में जब वह नाबालिग थी और कोचिंग के लिए नियमित रूप से आती-जाती थी, उसी दौरान आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर अपने पैथोलॉजी सेंटर पर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने उसे बदनाम करने तथा परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर चुप रहने के लिए मजबूर किया।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने कई वर्षों तक पीड़िता पर मानसिक दबाव बनाए रखा। वह फोन के माध्यम से संपर्क कर मिलने के लिए दबाव बनाता था और मना करने पर बदनाम करने की धमकी देता था। आरोप है कि इसी भय और ब्लैकमेलिंग के चलते वर्ष 2019 से 2025 के बीच अलग-अलग समय पर पीड़िता के साथ उसकी इच्छा के विरुद्ध अनुचित व्यवहार किया जाता रहा।
पीड़िता ने सामाजिक दबाव, भय और मानसिक तनाव के कारण लंबे समय तक घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। बाद में परिस्थितियां बदलने पर उसने अपने परिजनों और पति को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार की सहमति से पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में जुट गई। शनिवार को मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।

