वाराणसी: शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। रामनगर पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ रामनगर थाने में मुकदमा दर्ज था और पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन एवं अपर पुलिस उपायुक्त के निर्देशन में थाना रामनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने आरोपी सोनू प्रजापति पुत्र विजय शंकर प्रजापति निवासी अमरा खेड़ा, थाना रोहनिया, वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर थाना रामनगर में मुकदमा संख्या 0099/2026 के तहत धारा 64(2m), 351(4) और 352 बीएनएस में केस दर्ज किया गया था। शिकायत में युवती ने आरोपी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार चल रहा था।
जांच के दौरान सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस को आरोपी की लोकेशन मिली। इसके आधार पर 23 मई 2026 को थाना रामनगर क्षेत्र के साहिबगंज स्थित सेंट स्टेपन्स स्कूल के सामने से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की उम्र लगभग 24 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के प्रति पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस गिरफ्तारी में थाना रामनगर पुलिस टीम और सर्विलांस सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

