वाराणसी : नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था अपने साथ, आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। बड़ागांव पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए अपहरण के एक मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सिसवां मछली मंडी के पास से आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार बुधवार को थाना बड़ागांव पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अपहरण के मामले में वांछित अभियुक्त क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिसवां मछली मंडी के समीप घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नितेश गुप्ता पुत्र हीरालाल गुप्ता निवासी ग्राम गोधना, थाना कछवा, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि 1 जून को एक किशोरी ने थाना बड़ागांव में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता के अनुसार उसकी उम्र 17 वर्ष है। आरोप है कि नितेश गुप्ता ने 18 मई 2026 को उसे गांव के पोखरे पर बुलाया और विवाह का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसे कई दिनों तक अपने साथ रखने के बाद 28 मई को उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमन यादव एवं उपनिरीक्षक रंजीत कुमार शामिल रहे।

