वाराणसी : मदरसा प्रबंधक पर मुकदमा, वित्तीय अनियमितता और शासनादेश के उल्लंघन का आरोप

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मदरसा जामिया इस्लामिया के प्रबंधक मोहम्मद बैसाल अहमद के खिलाफ दशाश्वमेध थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन पर वित्तीय अनियमितता और शासन के निर्देशों के उल्लंघन का आरोप है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की तहरीर और उच्च न्यायालय के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है। 

प्रबंधक पर आरोप है कि उन्होंने अब्दुल कलीम सिद्दीकी को नियम विरूद्ध पदोन्नति दी। लिपिक के पद से हटाकर सहायक अध्यापक फौकानिया के पद पर नियुक्त किया गया। सिद्दीकी को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) का लाभ भी दिया गया। यह शासनादेशों और वित्तीय नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। इससे सरकारी धन का अपव्यय हुआ। 

इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल एक रिट याचिका के आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई। अल्पसंख्यक कल्याण व वक्फ अनुभाग, लखनऊ के निर्देशों का भी पालन किया गया। दशाश्वमेध थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।

Share this story