वाराणसी : सड़क पार करते समय वाहन ने मारी टक्कर, मजदूर की मौत

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा गांव के समीप सड़क पार करते समय वाहन ने मजदूर को टक्कर मार दी। इससे मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद पहुंची ने घायल को बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा, वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। 

बिहड़ा गांव निवासी राजू बिंद (32) मजदूरी कर अपना व परिवार का पेट पालता था। गुरुवार की रात वह सड़क पारकर अपने गांव जा रहा था। उसी दौरान तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। घटनास्थल पर जुटे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायल मजदूर को तत्काल बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा। 

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी आरती देवी ने बताया कि राजू मजदूरी करके परिवार चलाता था। उसके दो छोटे बच्चे हैं। पति की असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 

मिर्जामुराद थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन और चालक की पहचान की कोशिश की जा रही है।

Share this story