वाराणसी : निर्माणाधीन मकान की छत से गिरकर मजदूर की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के टिकरा गांव में रविवार को निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहे एक मजदूर की छत से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवार में मातम छा गया, जबकि गांव में भी शोक का माहौल है।

टिकरा गांव निवासी बुझारत राजभर (45) मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। रविवार दोपहर वह गांव में ही एक निर्माणाधीन मकान पर करीब आधा दर्जन अन्य मजदूरों के साथ काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह छत से नीचे जा गिरे। ऊंचाई से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद साथी मजदूरों ने बिना देर किए उन्हें उपचार के लिए वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मजदूर की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

मृतक बुझारत राजभर अपने पीछे पत्नी शीला देवी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं। परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा चले जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी शीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और बच्चों का भी विलाप देख मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। परिजनों ने रविवार शाम गमगीन माहौल में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और ग्रामीणों ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

Share this story