वाराणसी : निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ ‘काशी अभिभावक संघ’ का गठन, डीएम को सौंपेंगे ज्ञापन
वाराणसी। शहर के निजी स्कूलों द्वारा बढ़ती फीस और अन्य शुल्कों को लेकर अभिभावकों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है। इसी मुद्दे को लेकर जवाहर नगर में अभिभावकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ आवाज उठाने के लिए काशी अभिभावक संघ के गठन का निर्णय लिया गया। बैठक में यह भी तय किया गया कि अभिभावकों की समस्याओं को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
बैठक में उपस्थित अभिभावकों ने कहा कि कई निजी स्कूल फीस, किताब, स्टेशनरी, ड्रेस और विभिन्न गतिविधियों के नाम पर अत्यधिक शुल्क वसूल रहे हैं, जिससे अभिभावक और विद्यार्थी दोनों ही आर्थिक रूप से परेशान हो रहे हैं। ऐसी स्थिति में अभिभावकों के अधिकारों की रक्षा और उनकी समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने के उद्देश्य से काशी अभिभावक संघ का गठन किया गया है।
बैठक में तय किया गया कि जिलाधिकारी को दिए जाने वाले ज्ञापन में कई प्रमुख मांगें रखी जाएंगी। इनमें पहली मांग यह होगी कि सभी निजी स्कूल अपनी फीस की पूरी जानकारी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर सार्वजनिक करें, ताकि अभिभावकों को पारदर्शी जानकारी मिल सके। दूसरी मांग के तहत स्कूलों द्वारा ली जाने वाली री-एडमिशन फीस को समाप्त कर उसे मासिक शुल्क में समाहित (एडजस्ट) करने का निर्देश दिया जाए।
तीसरी मांग के रूप में एनसीईआरटी की पाठ्य पुस्तकों को अनिवार्य किए जाने की बात रखी जाएगी, ताकि महंगी निजी प्रकाशकों की किताबों की मजबूरी समाप्त हो सके। वहीं चौथी मांग के तहत शिक्षा के अधिकार अधिनियम के अनुसार 25 प्रतिशत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों का दाखिला सुनिश्चित किया जाए और उनसे किसी भी प्रकार का शुल्क न लिया जाए।
बैठक में डॉ. शम्मी कुमार सिंह (अधिवक्ता), अभिषेक श्रीवास्तव गोलू (महानगर मंत्री, हिंदू युवा वाहिनी वाराणसी), राजेश सिंह, काशी सिंह, जितेंद्र सिंह, देवेंद्र पांडेय, राहुल नागवानी, अंकित सेठ और गणेश रावत सहित कई अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन राजेश सिंह राजपूत ने किया।

