वाराणसी : गंगा सोता में नहीं बिछाई गईं लोहे की चादरें, तपती रेत पर चलने को मजबूर लोग

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चिरईगांव क्षेत्र के अम्बा-मोकलपुर गंगासोता मार्ग पर प्रांतीय लोक निर्माण विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोकलपुर, गोबरहां और रामपुर सहित आसपास के गांवों के लोग जाल्हूपुर बाजार आने-जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं, लेकिन गंगासोता में अब तक लोहे की चादरें नहीं बिछाई गई हैं।

123

स्थिति यह है कि भीषण गर्मी में लोगों को करीब पांच सौ मीटर तक तपती रेत पर पैदल चलकर आवागमन करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे लोहे की चादरें महीनों से पड़ी हुई हैं, लेकिन विभागीय उदासीनता के कारण उन्हें बिछाने का कार्य शुरू नहीं किया गया।

स्थानीय निवासी सतीश सिंह, रमेश, सुनीता, मुन्नालाल, लालजी और आशा समेत कई ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर के समय रेत इतनी गर्म हो जाती है कि पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।

123

ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से जल्द से जल्द लोहे की चादरें बिछाकर आवागमन सुचारु करने की मांग की है। अब देखना यह है कि विभाग इस समस्या पर कब तक ध्यान देता है।

Share this story