वाराणसी : कंचनपुर में बीजेपी जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सुनी PM मोदी के मन की बात

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात में वैश्विक हालात को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि मौजूदा समय बेहद चुनौतीपूर्ण है। वहीं वाराणसी के रोहनिया क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम सुनकर देशहित के मुद्दों पर मंथन किया।

ं

वैश्विक तनाव पर पीएम मोदी की चिंता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड में देश और दुनिया की मौजूदा परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, विशेष रूप से अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच टकराव का उल्लेख करते हुए कहा कि यह समय सावधानी और संयम बरतने का है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अफवाहों से दूर रहें और एकजुट होकर देश की एकता और शांति बनाए रखें। प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि भारत अपनी सामर्थ्य और एकता के बल पर हर चुनौती का सामना करने में सक्षम है।

खाड़ी देशों का जताया आभार
प्रधानमंत्री ने संकट के समय भारतीय नागरिकों की मदद करने के लिए खाड़ी देशों का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भारतीयों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार लगातार इस दिशा में कार्य कर रही है।

ं

मछुआरों के योगदान की सराहना
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने देश के मछुआरों की भूमिका को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि मछुआरे आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव हैं और आधुनिक तकनीक व बंदरगाहों के विकास से उनके जीवन स्तर में लगातार सुधार हो रहा है।

वाराणसी में कार्यकर्ताओं ने सुना ‘मन की बात’
वाराणसी के रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के कंचनपुर बूथ संख्या 185 पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। इस दौरान सदस्य विधान परिषद एवं भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के विचारों को आत्मसात किया।

कार्यक्रम में बूथ अध्यक्ष विजय विश्वकर्मा, मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश पटेल, फिरोज खान, रमेश विश्वकर्मा, सुधीर प्रजापति, राजू, आशुतोष चौबे, ओम प्रकाश प्रियदर्शी, अशोक मिश्रा और जगदीश जायसवाल समेत कई कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

प्रेरणादायक बताया कार्यक्रम
इस अवसर पर हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला है। इससे आम लोगों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने देशहित में कार्य करने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

Share this story