वाराणसी: आखिरी समय में हिंदू युवा वाहिनी का कार्यक्रम स्थगित, पदाधिकारियों ने जताई नाराजगी
वाराणसी। हिंदू युवा वाहिनी के वाराणसी मंडल के पदाधिकारियों का प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह रविवार को आखिरी समय में स्थगित कर दिया गया। कार्यक्रम वाराणसी के कमिश्नरी सभागार में होना था। संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम से पहले ही पुलिस प्रशासन की ओर से अनुमति को स्थगित कर दिया गया। इससे संगठन के पदाधिकारियों में नाराजगी देखने को मिली।
हिंदू युवा वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रम सिंह राठौर ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम को अंतिम समय में रोकना एक साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और पदाधिकारी निर्धारित समय पर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचने वाले थे। ऐसे में अचानक कार्यक्रम की अनुमति स्थगित किया जाना समझ से परे है।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा कार्यक्रम रोके जाने से संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में रोष है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हिंदू युवा वाहिनी लोकतांत्रिक तरीके से अपने कार्यक्रम आयोजित करती है। यदि अनुमति से संबंधित कोई आपत्ति थी तो इसकी जानकारी पहले दी जानी चाहिए थी, ताकि संगठन समय रहते आवश्यक निर्णय ले सकता।

सीएम योगी से मुलाकात कर शिकायत की चेतावनी
डॉ. विक्रम सिंह राठौर ने कहा कि कार्यक्रम रोकने के पूरे मामले की जानकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रतिनिधिमंडल की ओर से मुख्यमंत्री से मुलाकात कर घटनाक्रम की शिकायत की जाएगी और कार्यक्रम को आखिरी समय में स्थगित किए जाने का कारण पूछा जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यह भी कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो संगठन न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगा। पदाधिकारियों का कहना है कि कार्यक्रम की अनुमति पहले से तय होने के बावजूद अंतिम समय में रोक लगाने से कार्यकर्ताओं में असंतोष पैदा हुआ है। संगठन की ओर से कहा गया कि शपथ ग्रहण समारोह में वाराणसी मंडल के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी और संगठन के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई जानी थी। कार्यक्रम स्थगित होने के बाद पदाधिकारियों ने प्रशासन के फैसले पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

