वाराणसी : हिंदू युवा वाहिनी ने संगठन विस्तार को दी नई धार, शपथ ग्रहण समारोह में मिशन 2027 का आह्वान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। हिंदू युवा वाहिनी द्वारा रविवार को कमिश्नरी परिसर स्थित सर्किट हाउस में भव्य शपथ ग्रहण एवं संगठनात्मक मनोनयन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सिंह राठौर ने विभिन्न पदों पर नियुक्त नए पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए संगठन के विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान भास्कर तिवारी 'रानू' को वाराणसी मंडल प्रभारी, समर बहादुर सिंह को वाराणसी जिलाध्यक्ष, सूर्या अग्रहरि को प्रदेश उपाध्यक्ष तथा हर्षित विश्वकर्मा को प्रदेश सचिव के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति निष्ठा, समाज सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की शपथ ली।

123

कार्यक्रम में संगठन की संरक्षक रीना सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसेवा से ही संभव है। उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों तक संगठन की विचारधारा पहुंचाने और सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सिंह राठौर ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदू युवा वाहिनी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं का परिवार है। उन्होंने कहा कि संगठन गांव-गांव और बूथ स्तर तक अपनी पहुंच मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समर्पण और संगठनात्मक एकजुटता के साथ जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने का आह्वान किया।

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि वे संगठन की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा राष्ट्र और समाजहित के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

समारोह में जिला, मंडल, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. वीरेन्द्र सिंह तोमर, पश्चिम बंगाल की प्रदेश अध्यक्ष पूजा यादव तथा उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया और नवनियुक्त टीम को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

Share this story