वाराणसी : कबीर प्राकट्स्थल पर हवन और अखंड पाठ, पीएम मोदी के दीर्घायु की कामना, विश्वनाथ गली में केक काटकर बांटा लड्डू 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री एवं वाराणसी के सांसद नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को काशी में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। लहरतारा स्थित संत कबीर प्रकट स्थल पर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना के लिए विशेष आध्यात्मिक अनुष्ठान हुआ। वहीं, विश्वनाथ गली में कार्यकर्ताओं और व्यापारियों ने केक काटकर जन्मदिन मनाया और आम लोगों के बीच लड्डू वितरित किए।

संत कबीर प्रकट स्थल लहरतारा में पीठाधीश्वर महंत गोविंद दास शास्त्री के नेतृत्व में संत कबीर महाराज के मूल ग्रंथ बीजक का अखंड पाठ संपन्न हुआ। इस दौरान हवन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के संकल्प की सिद्धि के लिए प्रार्थना की गई। कबीर पंथ के संत-महात्माओं ने देश की सुख-समृद्धि और आध्यात्मिक-सांस्कृतिक उन्नति की कामना भी की।

अखंड पाठ के समापन के बाद केक काटकर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी गई। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में संत समाज के साथ बड़ी संख्या में कबीर पंथी अनुयायी और स्थानीय भक्त शामिल हुए। इस दौरान पार्षद संजू सरोज, सत्य प्रकाश जसवाल, दीपक मिश्रा, जितेंद्र गुप्ता, दिनेश दास, व्यास मुनि दास, देवसन दास और आशीष सरोज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

उधर, विश्वनाथ गली में भी प्रधानमंत्री का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यहां केक काटने के साथ दीप प्रज्ज्वलित किया गया और आम लोगों व राहगीरों के बीच लड्डू बांटे गए। कार्यक्रम के प्रभारी एवं शिवाय कृपा रुद्राक्ष दुकान के संस्थापक मयंक जैन (सदस्य, हिंदू युवा वाहिनी) ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने जन्मदिन को सेवा भावना के साथ मनाया।

इस अवसर पर अजय सिंह, नवीन कश्यप, विश्वास जायसवाल, अश्वनी गुप्ता, रोहित जायसवाल, विकास विश्वकर्मा, अमन अग्रहरि, गौरव दुबे, तनु श्रीवास्तव, नवीन गिरि, प्रदीप साहू, संदीप यादव, बच्चा सिंह, देवेश जैमिन, पुष्प जायसवाल और ओमप्रकाश जायसवाल सहित विश्वनाथ गली के व्यापारी व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Share this story