वाराणसी : हज यात्रा के लिए जमा कराएं किस्त, बढ़ाई गई तिथि, हज कमेटी ऑफ इंडिया ने दी राहत
वाराणसी। हज यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे आजमीन-ए-हज के लिए राहत भरी खबर है। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज यात्रा की दूसरी किस्त जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 नवंबर कर दी है। इससे निर्धारित समय में किस्त जमा नहीं कर पाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय मिल गया है।
हज कमेटी की ओर से जारी सूचना के अनुसार, हज यात्रा के लिए चयनित यात्रियों को दूसरी किस्त के रूप में 1,25,000 रुपये जमा करने होंगे। इसके साथ ही भुगतान की रसीद भी सुरक्षित रखनी होगी। कमेटी ने सभी संबंधित यात्रियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
पहली किस्त जमा करने के लिए यात्रियों को ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए हज कमेटी की आधिकारिक वेबसाइट hajcommittee.gov.in अथवा हज सुविधा एप का इस्तेमाल किया जा सकता है। भुगतान के लिए क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग और यूपीआई के विकल्प दिए गए हैं।

