वाराणसी GRP की बड़ी कार्रवाई : पवन एक्सप्रेस से अवैध अंग्रेजी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रेलवे सुरक्षा अभियान के तहत जीआरपी कैण्ट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान एक युवक को 72 क्वार्टर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 12.96 लीटर बताई गई है, जिसकी कीमत करीब 12,240 रुपये आंकी गई है।

ं

संदिग्ध हरकत पर पुलिस को हुआ शक
मंगलवार 31 मार्च 2026 को रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ज्ञानपुर रोड स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर मौजूद थी। इसी दौरान पवन एक्सप्रेस के कोच एस-08 के पास एक युवक पिट्ठू बैग के साथ खड़ा दिखाई दिया।

पुलिस को अपनी ओर आते देख युवक घबरा गया, जिससे उस पर शक गहरा गया। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही रोककर तलाशी ली।

बैग से मिली भारी मात्रा में शराब
तलाशी के दौरान युवक के बैग से 72 क्वार्टर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसमें 24 क्वार्टर ‘आफ्टर डार्क’ और 48 क्वार्टर ‘मैजिक मोमेंट’ ब्रांड की शराब शामिल है, जिस पर “फॉर सेल इन उत्तर प्रदेश ओनली” अंकित था।

बरामदगी के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।

भदोही निवासी युवक निकला आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनायक पांडेय (22 वर्ष) पुत्र मनोज पांडेय, निवासी छतमी थाना गोपागंज, जनपद भदोही बताया। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना जीआरपी कैण्ट में मुकदमा संख्या 89/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

अभियान के तहत हो रही सख्त चेकिंग
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई, जिसमें रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक आनन्द कुमार यादव और कांस्टेबल रोशन चौहान की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

रेलवे पुलिस की इस सतर्कता से एक बार फिर यह स्पष्ट हो गया है कि ट्रेनों और स्टेशनों पर अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है।

Share this story