वाराणसी : नवरात्र सप्तमी को पंडालों में देवी प्रतिमा का अनावरण, मां के दर्शन कर निहाल हुए भक्तगण
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के बेनीपुर (नई बाजार) गौर गांव के बंगला चट्टी स्थित प्राचीन शिव मंदिर, खजूरी, चक्रपानपुर, मनकैया, अदमापुर, लक्षापुर व नागेपुर सहित दर्जनों जगहों पर शनिवार को सप्तमी को जगत जननी दुर्गा देवी के प्रतिमा का स्थापना किया गया। इसी क्रम में बंगला चट्टी स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर शिव शक्ति युवा क्लब श्री दुर्गा पूजन उत्सव समिति भी विशाल पंडाल लगाकर पूरे विधि विधान के साथ प्रतिमा का अनावरण किया गया। इसके साथ ही पंडालों में माता के दर्शन-पूजन को भक्तों के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया।
बंगला चट्टी पंडाल में माता की प्रतिमा सात फीट से ऊंची व 10 हाथ से युक्त दानव के वध की मुद्रा में है। उनके मुखारविंद को देख सभी श्रद्धालु गण भक्तिविभोर हो गए। अनावरण के पश्चात ब्राह्मणों ने मंत्रों से माता रानी की स्तुति कर पूजा अर्चना किया। मूर्ति अनावरण के बाद हजारों की संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किए। दुर्गा पंडाल में बड़े मेले जैसा माहौल बना रहा। वहीं पास के सरोवर में नौका विहार लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। इच्छुक श्रद्धालु नौका विहार का भी आनंद लेते नजर आए।
सभी पंडालो में श्रद्धालुगण पहुंच माता के चरणों में शीश नवा आशीर्वाद प्राप्त किया। बेनीपुर गांव में जय मां दुर्गा स्पोर्टिंग क्लब द्वारा देश की आजादी के अमृत महोत्सव के थीम पर इस बार दुर्गा पूजा पंडाल को तिरंगे का स्वरूप दे मां की प्रतिमा को स्थापित कर पूजा अर्चना आरंभ हुआ।

