वाराणसी : सोशल मीडिया पर युवती को धमकी देने का आरोप, गाजीपुर के युवक पर मुकदमा दर्ज
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के खोजवा इलाके में किराये के मकान में रह रही बलिया निवासी एक युवती ने सोशल मीडिया के माध्यम से ब्लैकमेल करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने गाजीपुर जिले के शेरपुर निवासी सत्यम राय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार आरोपी पिछले काफी समय से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए उसे परेशान कर रहा था। युवती का आरोप है कि आरोपी लगातार उस पर दबाव बना रहा था और धमकी दे रहा था कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो वह उसकी निजी तस्वीरें, वीडियो और अन्य व्यक्तिगत जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे बदनाम करने की नीयत से उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो पोस्ट करने का प्रयास किया।
लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर युवती ने भेलूपुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। शिकायत में उसने बताया कि आरोपी की हरकतों से वह काफी तनाव में थी और खुद को असुरक्षित महसूस कर रही थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराई जाएगी। आरोपी की गतिविधियों, चैट रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

