वाराणसी : मानसरोवर आश्रम में गणेश नवरात्रि महोत्सव का समापन, भव्य शोभायात्रा में उमड़े श्रद्धालु
वाराणसी। मानसरोवर स्थित श्री राम तारक आंध्र आश्रम में आयोजित 40वें वर्ष गणेश नवरात्रि महोत्सव का बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच भव्य समापन हुआ। दस दिवसीय महोत्सव के अंतिम दिन भगवान श्री गणेश की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे मार्ग में गणपति बप्पा के जयकारे गूंजते रहे और वातावरण भक्तिमय बना रहा।
श्री राम तारक आंध्र आश्रम में 14 सितंबर से 23 सितंबर तक गणेश नवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। इनमें श्रद्धालुओं के साथ ही अनेक गणमान्य लोगों ने सहभागिता कर भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त किया।
पांडे हवेली से केदारेश्वर मंदिर तक निकली शोभायात्रा
महोत्सव के अंतिम दिन आश्रम परिसर से भगवान श्री गणेश की शोभायात्रा प्रारंभ हुई। यात्रा पांडे हवेली, सोनारपुरा, भेलूपुर, हनुमान घाट और केदारेश्वर मंदिर होते हुए पुनः श्री राम तारक आंध्र आश्रम पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु भक्ति भाव से जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भगवान श्री गणेश का स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने घरों के बाहर आरती उतारी और नारियल फोड़कर पूजन-अर्चन किया। विभिन्न स्थानों पर हुए स्वागत से शोभायात्रा का उत्साह और भक्तिमय वातावरण देखते ही बना।
40वें वर्ष हुआ भव्य आयोजन
गणेश नवरात्रि महोत्सव का आयोजन श्री राम तारक आंध्र आश्रम के प्रबंध न्यासी वी. वी. सुंदर शास्त्री के नेतृत्व में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में वी. वी. सीताराम, वी. वी. विश्वनाथ, संतोष कुमार, वी. वी. एस. पी. गणेश, श्याम शास्त्री, बुद्धा शर्मा, तुलसी मनोज जोशी, गजानन जोशी और संदीप कुमार सहित आश्रम के पदाधिकारियों एवं सेवाभावी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आयोजकों ने कहा कि काशी की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा में ऐसे धार्मिक आयोजनों का विशेष महत्व है। ये आयोजन लोगों को आस्था से जोड़ने के साथ सामाजिक एकता और सनातन संस्कृति को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भगवान श्री गणेश की भव्य शोभायात्रा के साथ दस दिवसीय महोत्सव का विधिवत समापन हुआ।

