वाराणसी : आदित्य नगर पार्क में रोपे फलदार पौधे, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हरित काशी का संकल्प
वाराणसी। पर्यावरण संरक्षण और हरित काशी के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आदित्य नगर पार्क में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 95 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और सृजन सामाजिक विकास न्यास के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की।

सघन वन क्षेत्र विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान का नेतृत्व पर्यावरणविद् और सृजन सामाजिक विकास न्यास एवं गंगा हरितिमा अभियान (उत्तर प्रदेश) के ब्रांड एंबेसडर अनिल कुमार सिंह ने किया। बताया गया कि आदित्य नगर पार्क को नगर निगम से गोद लेकर यहां हरियाली बढ़ाने और जैव विविधता को प्रोत्साहित करने के लिए पौधरोपण किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान पार्क में आम, अमरूद, आंवला, बेल, नींबू और महुआ समेत विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधे लगाए गए। आयोजकों ने कहा कि फलदार पौधों के रोपण से पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय स्तर पर जैव विविधता को भी बढ़ावा मिलेगा। पार्क को विकसित कर भविष्य में इसे हरित क्षेत्र के रूप में तैयार करने की योजना है।
मुख्य अतिथि राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा की मौजूदगी में कार्यक्रम में शामिल नागरिकों, सीआरपीएफ जवानों और संस्था के कार्यकर्ताओं को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। मंत्री ने स्वयं पौधा रोपकर लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता 95 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट आर.एस. बालापुरकर ने की। उन्होंने पौधरोपण अभियान में शामिल ग्रामवासियों, सृजन संस्था के सदस्यों और सीआरपीएफ जवानों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि काशी को स्वच्छ, हरा-भरा और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए पौधरोपण के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी जरूरी है।
इस अवसर पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी रोहित सिंह, पार्षद श्याम भूषण शर्मा, सुरेश पटेल ‘गुड्डू’, सौरभ पटेल, राजू वर्मा, अजय विश्वकर्मा, रितेश राय, श्रेयांश वलोरा सोम, मनोज कुमार और प्रवीण सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे। नगर निगम के माली कर्मचारियों ने भी अभियान में सहयोग किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सीआरपीएफ के प्रवीण सिंह और उनकी टीम की सक्रिय भूमिका रही।

