वाराणसी : पिता की पेंशन के विवाद में खूनी संघर्ष, छोटे भाई समेत चार पर चाकू से हमला
वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के गंगापुर स्थित बलवंत नगर में सोमवार को पिता की पेंशन को लेकर दो भाइयों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान एक भाई ने चाकू से हमला कर अपने छोटे भाई समेत परिवार के चार लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बेलाश यादव की पेंशन को लेकर उनके दो पुत्रों सुबास यादव और विभूति नारायण यादव के बीच विवाद हुआ था। शुरुआत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान सुबास यादव ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में विभूति नारायण यादव (60), नन्दा यादव (55), सावन यादव (30) और दीपक यादव (28) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को ट्रामा सेंटर में कराया भर्ती
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग घायलों को उपचार के लिए बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर ले गए, जहां सभी को भर्ती कराया गया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात की सूचना मिलने पर रोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
आरोपित हिरासत में
पुलिस ने चाकू से हमला करने के आरोपित सुबास यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और विवाद से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा ने बताया कि मामले में अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पिता की पेंशन को लेकर शुरू हुआ विवाद परिवार के चार सदस्यों के घायल होने तक पहुंच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

