वाराणसी : दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए चिरईगांव में पांच तालाब चिह्नित, सफाईकर्मियों की टीमें गठित, तालाबों में भरवाया जाएगा पानी
वाराणसी। शारदीय नवरात्र में पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके लिए चिरईगांव विकास खंड में पांच तालाबों और पोखरों को चिह्नित किया गया है। विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए सफाईकर्मियों की टीमें गठित की गई हैं। प्रशासन का प्रयास है कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बीडीओ एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट चिरईगांव रिया सैनी ने बताया कि मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए क्षेत्र में पांच स्थान निर्धारित किए गए हैं। इनमें सरैयां विशुनपुरा स्थित काली मंदिर का तालाब, नरायनपुर स्थित शंकर मंदिर का तालाब, सोनबरसा का आजाद चौराहा, मिल्कोपुर स्थित साव का पोखरा और अल्लोपुर का पोखरा शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि सभी चिह्नित विसर्जन स्थलों की साफ-सफाई के लिए सफाईकर्मियों की टीमें बना दी गई हैं। अगले एक-दो दिनों में सभी तालाबों और पोखरों की सफाई का कार्य पूरा करा लिया जाएगा। जिन तालाबों में पानी कम है, उनमें आवश्यकतानुसार पानी भी भरवाया जाएगा, ताकि प्रतिमा विसर्जन के समय कोई परेशानी न हो।

