वाराणसी : कुत्ते ने पिता-पुत्र समेत पांच लोगों को काटकर किया घायल
वाराणसी। चिरईगांव क्षेत्र में गुरुवार सुबह आवारा कुत्ते के हमले से दहशत फैल गई। चौबेपुर थाना क्षेत्र के खानपुर और उमरहां गांव में कुत्ते ने पिता-पुत्र सहित पांच लोगों को काटकर घायल कर दिया। सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए पीएचसी चिरईगांव ले जाया गया।
खानपुर निवासी धीरेन्द्र कुमार (38), उनके पुत्र सूर्यांश (5) और हितेश (30) को कुत्ते ने हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद वही कुत्ता उमरहां पहुंचा, जहां उसने नंदलाल (46) और निधि पाण्डेय (25) को भी काट लिया। हमले में सभी को कंधे और चेहरे पर चोटें आईं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया।
घायलों को प्राथमिक उपचार के तहत एंटी रैबीज वैक्सीन (एआरवी) दी गई, जिसके बाद उन्हें इम्यूनोग्लोबिन इंजेक्शन के लिए सीएचसी नरपतपुर रेफर किया गया। इस संबंध में डॉ. राजनाथ ने बताया कि चार घायलों को इम्यूनोग्लोबिन लगाने के बाद घर भेज दिया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत है। प्रशासन से आवारा व हिंसक कुत्तों पर नियंत्रण की मांग की।

