वाराणसी : देवी मंदिर में मधुमक्खियों का हमला, पांच श्रद्धालु घायल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र स्थित श्यामा माता मंदिर में सोमवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने श्रद्धालुओं पर हमला कर दिया। मंदिर परिसर में उठे धुएं के कारण पेड़ पर बने छत्ते में मौजूद मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं। पांच श्रद्धालुओं को मधुमक्खियों ने काट लिया। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरातफरी मच गई। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में भगदड़ जैसे हालात बन गए। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कुछ समय के लिए पूरा परिसर चीख-पुकार से गूंज उठा।

इस घटना में पांच श्रद्धालु रीवा निवासी रमाशंकर मिश्र (55 वर्ष), सुधा देवी (48 वर्ष), नीलम (25 वर्ष), प्रेमा देवी (50 वर्ष) और रितिक (5 वर्ष) घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

ये सभी श्रद्धालु काशी दर्शन के लिए जा रहे थे और रास्ते में मंदिर परिसर में रुककर भोजन बना रहे थे। इसी दौरान उठे धुएं से मधुमक्खियां भड़क उठीं और अचानक हमला कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्थिति को संभालने में मदद की और घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।

Share this story