वाराणसी : पुलिस चौकी के पास से फायर ब्रिगेड का वाटर पंप चोरी, CCTV फुटेज के आधार पर जांच तेज

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जैतपुरा थाना क्षेत्र के चौकाघाट इलाके में चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चौकाघाट पानी टंकी के सामने स्थित एक गैरेज से उत्तर प्रदेश फायर ब्रिगेड का लाखों रुपये मूल्य का वाटर पंप चोरी हो गया। खास बात यह है कि घटना स्थल चौकाघाट पुलिस चौकी से महज लगभग 20 मीटर की दूरी पर स्थित है।

फायर ब्रिगेड का वाटर पंप मरम्मत कार्य के लिए एक निजी गैरेज में रखा गया था। इसी दौरान अज्ञात चोर मौके का फायदा उठाकर पंप लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही गैरेज संचालक और फायर ब्रिगेड विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान चोरी की पूरी वारदात रिकॉर्ड मिली है। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति वाटर पंप ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस चौकी के इतने करीब सरकारी विभाग के महत्वपूर्ण उपकरण की चोरी होना चिंताजनक है। उनका मानना है कि यदि क्षेत्र में नियमित गश्त और निगरानी प्रभावी होती तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

गैरेज संचालक प्रशांत विश्वकर्मा और चिंटू ने बताया कि उन्होंने चोरी की घटना के संबंध में लिखित तहरीर पुलिस को सौंप दी है। उन्होंने चोरी हुए वाटर पंप की जल्द बरामदगी और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए उपकरण की बरामदगी कर ली जाएगी।

Share this story