वाराणसी : विवाहिता की जहर देकर हत्या के आरोपित ससुर और दो पुत्र गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सारनाथ थाना पुलिस ने जहर देकर हत्या के आरोप में दर्ज मुकदमे में नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक पिता और उसके दो पुत्र शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर हत्या सहित गंभीर अपराधों के अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। सारनाथ थाना पुलिस ने 24 जून की शाम थाना परिसर से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र साहू (63 वर्ष), रविप्रकाश साहू (36 वर्ष) और भानू साहू (34 वर्ष) के रूप में हुई है। मूल रूप से गाजीपुर जनपद के निवासी तीनों आरोपी वर्तमान में पहड़िया स्थित मां शारदा नगर कॉलोनी में रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार, 23 जून को मृतका के पिता ने सारनाथ थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री को उसके ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करने के साथ जहर देकर उसकी हत्या कर दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल साक्ष्य संकलन और आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पर्याप्त आधार मिलने पर तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक दुर्गेश सिंह तथा कांस्टेबल सौरभ तिवारी शामिल रहे।

Share this story