वाराणसी : ढेरही टोल प्लाजा बंद कराने की मांग, किसान संगठन ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, 30 सितंबर को धरने की चेतावनी
वाराणसी। राष्ट्रीय राजमार्ग-233 पर ढेरही, बलरामगंज स्थित टोल प्लाजा को लेकर पूर्वांचल किसान संगठन ने जिला प्रशासन के सामने विरोध दर्ज कराया है। संगठन के किसान नेता अजीत सिंह डोभी ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अधूरे हाईवे पर टोल वसूली तत्काल बंद कराने, भारी वाहनों पर नो एंट्री लागू करने और किसानों के लंबित मुआवजे का भुगतान कराने की मांग की है।
संगठन का आरोप है कि ढेरही टोल प्लाजा से करीब दो किलोमीटर आगे राष्ट्रीय राजमार्ग-233 का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है। इसके बावजूद वाहनों से टोल वसूला जा रहा है। संगठन के अनुसार इस समस्या को लेकर 21 फरवरी 2024, 15 सितंबर 2024 और 23 मार्च 2025 को शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जा चुका है। इन दौरान वाराणसी और जौनपुर प्रशासन तथा राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों की मौजूदगी में वार्ता और स्थलीय निरीक्षण भी हुआ था।

ज्ञापन में कहा गया है कि अधूरे मार्ग के कारण स्थानीय ग्रामीणों, किसानों, व्यापारियों और अन्य लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। थाना, बिजली विभाग, विकासखंड, तहसील, विद्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैसी आवश्यक सेवाओं तक आने-जाने वाले स्थानीय लोगों पर भी टोल का भार पड़ रहा है। संगठन ने टोल वसूली के दौरान कथित विवाद और दबाव की घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की है।
किसान संगठन ने राष्ट्रीय राजमार्ग-233 के जौनपुर जिले में करीब 16 किलोमीटर अधूरे मार्ग को पूरा कराने तथा निर्माण होने तक डंपर, ट्रक और अन्य बड़े वाहनों के आवागमन पर नो एंट्री लगाने की मांग की है। संगठन ने अधूरे मार्ग पर दुर्घटनाओं का हवाला देते हुए प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग भी रखी।

ज्ञापन में टोल प्लाजा की स्थापना और वसूली की उच्चस्तरीय जांच, जिम्मेदार अधिकारियों और टोल संचालन एजेंसी पर कार्रवाई तथा आवश्यक होने पर कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की गई है। साथ ही राजमार्ग के लिए अधिग्रहित भूमि के लंबित मुआवजे और अन्य वैधानिक देयों का तत्काल भुगतान कराने की मांग उठाई गई है। संगठन ने प्रशासन को 15 सितंबर 2026 तक प्रभावी कार्रवाई का समय दिया है। मांगें पूरी नहीं होने पर 30 सितंबर 2026 को ढेरही टोल प्लाजा पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई है।

