वाराणसी : खेतों की सेहत बचाने के लिए किसानों को किया जागरूक, सब्जियों की वैज्ञानिक खेती के बताए गुर

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। खेतों की उर्वरता बनाए रखने और खेती की लागत कम कर किसानों की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, वाराणसी की ओर से खेत बचाओ अभियान चलाया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार के नेतृत्व में पिंडरा विकासखंड के ग्राम रोह और काशी विद्यापीठ क्षेत्र के ग्राम अलाउद्दीन में आयोजित कार्यक्रम में 200 से अधिक महिला और पुरुष किसानों ने भाग लिया। इस दौरान किसानों को रासायनिक उर्वरकों के संतुलित इस्तेमाल, जैविक विकल्पों और सब्जियों की वैज्ञानिक खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में वैज्ञानिकों ने किसानों से संवाद कर जैव नियंत्रक, बीज उपचार, नर्सरी उत्पादन, सब्जियों की उन्नत खेती और मूल्य संवर्धन की विधियों पर विस्तार से जानकारी साझा की। किसानों को बताया गया कि रासायनिक उर्वरकों का जरूरत से अधिक इस्तेमाल मिट्टी की सेहत और खेती की लागत दोनों को प्रभावित कर सकता है। इसलिए संतुलित उर्वरक प्रबंधन के साथ जैव उर्वरकों और जैविक रसायनों को भी खेती में शामिल करना जरूरी है।

इस अवसर पर बीज उपचार के लिए जैविक रसायनों और जैव उर्वरकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। संस्थान की ओर से विकसित काशी एजौ बीसी का प्रदर्शन करने के साथ किसानों को इसका वितरण भी किया गया। वैज्ञानिकों ने सब्जियों की नर्सरी तैयार करने और फसलों को रोगों से बचाने के लिए जैव नियंत्रण की तकनीकों के उपयोग की जानकारी दी।

संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. आत्मानंद त्रिपाठी ने कहा कि सब्जी उत्पादन की उन्नत तकनीकों को अपनाकर किसान कम लागत में टिकाऊ खेती कर सकते हैं। इससे वर्षभर आय और रोजगार के अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने सब्जियों की तुड़ाई के बाद उनके मूल्य संवर्धन और प्रसंस्करण पर भी जोर दिया, ताकि किसानों को उपज का बेहतर मूल्य मिल सके।

कार्यक्रम का समन्वयन प्रधान वैज्ञानिक डॉ. नीरज सिंह ने किया। आयोजन में डॉ. आत्मानंद त्रिपाठी और डॉ. श्रेया पंवार की प्रमुख भूमिका रही। इस दौरान ग्राम प्रधान जयप्रकाश पाल, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि केशव पटेल, पवन पांडेय, डॉ. राहुल सिंह, डॉ. मनीष पांडेय तथा कृषि विभाग के कर्मचारियों ने सहयोग किया।

BK Pathak
BK Pathak

22037 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story