वाराणसी : किसानों को मुफ्त मिला चना, मटर और सरसों का बीज मिनीकीट, समय से बुवाई और वैज्ञानिक खेती को किया गया प्रेरित
वाराणसी। दलहनी और तिलहनी फसलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए गुरुवार को जिले में किसानों को चना, मटर और सरसों के बीज मिनीकिट का निःशुल्क वितरण किया गया। आराजी लाइन के बहुउद्देशीय किसान कल्याण केंद्र जंसा में रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल तथा सेवापुरी के बहुउद्देशीय किसान कल्याण केंद्र में विधायक प्रतिनिधि कु. अदिति पटेल ने चयनित किसानों को बीज मिनीकिट वितरित किए।
इस दौरान रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने किसानों से कहा कि जिन किसानों ने अभी तक गेहूं बीज की बुकिंग नहीं कराई है, वे कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग कर 50 प्रतिशत अनुदान पर गेहूं बीज प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और उन्नत बीज के प्रयोग से उत्पादन बढ़ाने की अपील की।

सेवापुरी में विधायक प्रतिनिधि कु. अदिति पटेल ने किसानों से तिलहनी बीज मिनीकिट की समय से बुवाई करने का आह्वान किया। उन्होंने सरसों की फसल में संतुलित उर्वरक के प्रयोग पर जोर दिया, ताकि बेहतर गुणवत्ता का उत्पादन प्राप्त हो सके और किसानों को उपज का उचित मूल्य मिल सके। संयुक्त कृषि निदेशक, वाराणसी मंडल शैलेन्द्र कुमार ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड की संस्तुति के आधार पर संतुलित उर्वरकों का इस्तेमाल करने की जानकारी दी। साथ ही कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल ने कहा कि ई-लॉटरी के माध्यम से चना, मटर और सरसों के निःशुल्क मिनीकिट के लिए चयनित किसान राजकीय बीज गोदाम से संपर्क कर पॉस मशीन पर अंगूठा लगाकर बीज प्राप्त करें। खेत की तैयारी के बाद समय से बुवाई करें और कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार वैज्ञानिक विधि अपनाएं।
कृषि रक्षा अधिकारी बृजेश विश्वकर्मा ने किसानों को कीट एवं रोग प्रबंधन के साथ भूमि और बीज शोधन की जानकारी दी। कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी कृषि अमित कुमार सिंह, विनय मिश्रा, सहायक विकास अधिकारी कृषि रक्षा डॉ. मनोज कुमार सिंह, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक उदयराज सिंह, बीज गोदाम प्रभारी अमरजीत पटेल, हिमांशु कुमार समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

