वाराणसी : बरामदे में सो रहे किसान को सांप ने डंसा, अस्पताल में तोड़ा दम

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के मेंहदीगंज गांव में गुरुवार भोर में सर्पदंश से 60 वर्षीय किसान राम अवध वर्मा की मौत हो गई। घटना से परिवार में मातम छा गया। परिजन उन्हें उपचार के लिए कबीरचौरा अस्पताल ले गए थे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, राम अवध वर्मा बुधवार रात घर के बाहरी बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान उनका हाथ बरामदे से नीचे लटका हुआ था। भोर में इसी हाथ में सांप ने डंस लिया। उनकी आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पुत्र शशिकांत वर्मा ने बताया कि सांप डंसने के बाद घर में ही कहीं छिप गया था। इसकी जानकारी होने पर सांप पकड़ने वाले को बुलाया गया। उसने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सांप को पकड़ लिया और दूर सिवान में छोड़ दिया। राम अवध वर्मा किसान थे। उनके दो पुत्र हैं। घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। परिजनों ने मिर्जापुर के अदलपुर घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

Share this story