वाराणसी : 'हर बच्चा स्कूल पहुंचे, निकली जागरूकता रैली, नामांकन बढ़ाने पर जोर

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शिक्षा के प्रति जनजागरुकता बढ़ाने और प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से कम्पोजिट विद्यालय, दशाश्वमेध में सोमवार को 'स्कूल चलो अभियान' के अंतर्गत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से क्षेत्र के अभिभावकों से अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने तथा नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अहमद अली ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसके बाद विद्यालय परिसर से निकली रैली विभिन्न गलियों और प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। छात्र-छात्राएं हाथों में शिक्षा संबंधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे और प्रेरक नारों के माध्यम से लोगों को शिक्षा के महत्व से अवगत करा रहे थे। रैली का उद्देश्य समाज में यह संदेश पहुंचाना था कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

123

इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने अभिभावकों से संवाद कर उन्हें सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, मध्याह्न भोजन सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता है। साथ ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका आरती सिंह ने कहा कि 'स्कूल चलो अभियान' केवल नामांकन बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना भी है कि प्रत्येक बच्चा नियमित रूप से विद्यालय आए और बेहतर शिक्षा प्राप्त करे। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई के प्रति गंभीर रहने तथा उन्हें निरंतर विद्यालय भेजने का आग्रह किया।

123

उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है और समाज के विकास का सबसे प्रभावी माध्यम भी। कार्यक्रम में रेखा श्रीवास, श्वेता गुप्ता, शगुफ्ता खातून, शिवानी कन्नौजिया, मंज़र सिद्दीकी, विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्य, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अभियान का समापन शत-प्रतिशत नामांकन और शिक्षा के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।

Share this story