वाराणसी : आवास योजना में छूटे पात्र लाभार्थियों का दोबारा सत्यापन कराकर दिलाएं लाभ, डीएम ने ग्राम्य विकास योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ग्राम्य विकास विभाग के कार्यों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जीरो पावर्टी, वीबी-जी राम जी योजना तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों के गठन और उनके संचालन की प्रगति की जानकारी ली गई।

मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विकास खंडवार निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष छूटे हुए पात्र लाभार्थियों का दोबारा सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर पात्र लोगों को योजना का लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिलाया जाए, ताकि कोई भी पात्र परिवार आवास की सुविधा से वंचित न रहे।

प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में जिलाधिकारी ने नए लक्ष्य के अनुरूप सर्वेक्षण कराकर पात्र परिवारों को चिह्नित करने तथा उन्हें आवास योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

डीएम ने लाभार्थियों के चयन में पूरी पारदर्शिता बरतने पर जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिया जाए। साथ ही स्वीकृत आवेदनों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के बैंक खातों का सत्यापन कराने के लिए समूह सखी और रोजगार सेवकों की सहायता लेने को सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, परियोजना निदेशक, डीसी एनआरएलएम सहित सभी खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।

Share this story